आष्टा में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर 465 नागरिकों की जांच दो महिलाओं में स्तन कैंसर की पुष्टि

आष्टा में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर 465 नागरिकों की जांच दो महिलाओं में स्तन कैंसर की पुष्टि

आष्टा में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर: 465 नागरिकों की जांच, 2 महिलाओं में स्तन कैंसर की पुष्टि
आष्टा। केयर हॉस्पिटल आष्टा की पहल पर इनर व्हील क्लब एवं अल्फा पैथोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान तथा श्री अरविंदो मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल इंदौर के सहयोग से गायत्री मंदिर परिसर में नि:शुल्क कैंसर परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 465 नागरिकों ने विभिन्न जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर का शुभारंभ आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर सहित नगर के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने किया। विधायक ने नागरिकों से जर्दा, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट सहित किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा पॉलीथिन एवं प्लास्टिक का बहिष्कार करने की अपील की।
शिविर में महिलाओं की विशेष स्वास्थ्य जांच की गई। 56 महिलाओं की मैमोग्राफी में 2 महिलाओं में स्तन कैंसर की पुष्टि हुई, जबकि 135 महिलाओं की पैप स्मियर जांच और 10 महिलाओं की कॉल्पोस्कोपी की गई। ‘पिंक प्रॉमिस ऑन व्हील्स’ बस के माध्यम से महिलाओं को जांच, परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
पुरुषों एवं महिलाओं सहित 185 मरीजों की आधुनिक फाइब्रोस्कैन से फैटी लिवर की जांच की गई। वहीं 68 मरीजों को सर्जिकल विशेषज्ञ और 59 मरीजों को ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों ने चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच भी नि:शुल्क की गई।
केयर हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि समय पर कराई गई छोटी-सी जांच कई बार गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण साबित होती है। उन्होंने खान-पान में मिलावट और अस्वास्थ्यकर जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए महिलाओं से स्तन में गांठ अथवा असामान्य बदलाव जैसी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।
शिविर में डॉ. जीडी सोनी, डॉ. अमित माथुर, डॉ. दानिश, डॉ. राहत अली, नपा अध्यक्ष हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा, जनपद अध्यक्ष दीक्षा सोनू गुणवान, भाजपा नगर अध्यक्ष अंजली विशाल चौरसिया, इनर व्हील क्लब अध्यक्ष सुनीता सोनी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। केयर हॉस्पिटल की डॉ. अर्चना सोनी के साथ डॉ. अनमोल सोनी एवं डॉ. अलबीना राहत अली ने भी शिविर में अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अतुल उपाध्याय ने किया। अंत में डॉ. जीडी सोनी ने अरविंदो अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्टाफ, सहयोगी संस्थाओं, पत्रकारों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Share this article: WhatsApp Facebook