VIT भोपाल मामले में NHRC सख्त, सरकार और UGC से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
VIT भोपाल मामले में NHRC सख्त, सरकार और UGC से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
भोपाल, 23 अक्टूबर। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने VIT भोपाल विश्वविद्यालय के नाम और वास्तविक लोकेशन को लेकर उठी शिकायत पर मध्यप्रदेश शासन और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से चार सप्ताह में अतिरिक्त रिपोर्ट एवं कार्रवाई प्रतिवेदन मांगा है। आयोग ने जवाब प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की है।
NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विश्वविद्यालय के नाम में ‘भोपाल’ शब्द होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को उसके वास्तविक स्थान को लेकर भ्रम हो सकता है, जबकि इसका परिसर सीहोर जिले के कोठरी कलां में स्थित है।
आयोग ने राज्य सरकार की रिपोर्ट में विश्वविद्यालय की लोकेशन, वेबसाइट एवं विज्ञापनों में दी गई जानकारी, कथित अनधिकृत क्लिनिक और परिसर में अशांति से जुड़े आरोपों पर पर्याप्त स्पष्टीकरण नहीं पाए जाने पर अतिरिक्त जवाब मांगा है। साथ ही, राजपत्र अधिसूचनाओं की तारीखों में अंतर पर भी स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने UGC से भी मामले में की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन मांगा है। वहीं, NSUI ने मांग की है कि विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के वास्तविक स्थान की स्पष्ट जानकारी दी जाए और शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच हो।
फिलहाल, मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। अब 29 नवंबर तक सरकार और UGC की रिपोर्ट पर नजर रहेगी।