आष्टा मंडी में नए सोयाबीन की पहली आवक, 25 व्यापारियों ने लगाई बोली
शुभ मुहूर्त में हुई खरीफ सीजन की शुरुआत, 5836 रुपए क्विंटल तक पहुंचा सोयाबीन का भाव
आष्टा। खरीफ सीजन की प्रमुख फसल सोयाबीन की नई आवक के साथ शुक्रवार को आष्टा कृषि उपज मंडी में नए सीजन का श्रीगणेश हुआ। नए सोयाबीन की पहली आवक को लेकर मंडी में उत्साह का माहौल रहा। शुभ मुहूर्त के दौरान करीब 25 व्यापारियों ने बोली में भाग लिया, जिससे मंडी परिसर में अच्छी हलचल देखने को मिली।
शुभ मुहूर्त में ग्राम हीरापुर, तहसील हाटपिपलिया, जिला देवास के कृषक श्री गोपाल करीब 25 क्विंटल नया सोयाबीन लेकर आष्टा मंडी पहुंचे। उनकी उपज को दीक्षा ट्रेडर्स ने 5836 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदा।
इसी तरह ग्राम नीलबड़, तहसील आष्टा, जिला सीहोर के कृषक श्री जितेंद्र द्वारा लाई गई करीब 7 क्विंटल सोयाबीन की उपज को सिमरन एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड ने 5575 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से क्रय किया।