विधायक कार्यालय में जनसुनवाई वार्ड 15 के नागरिकों ने उठाई हाई टेंशन लाइन हटने की मांग
विधायक कार्यालय में जनसुनवाई, वार्ड 15 के नागरिकों ने उठाई हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग
आष्टा। बुधवार को विधायक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 15 के नागरिक युवा संगठन अध्यक्ष आनंद गोस्वामी के नेतृत्व में पहुंचे। नागरिकों ने विधायक गोपालसिंह इंजीनियर को ज्ञापन सौंपकर रिहायशी क्षेत्र में मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को अन्यत्र शिफ्ट कराने की मांग की।
नागरिकों ने बताया कि मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पूर्व में भी इस लाइन से कई घटनाएं हो चुकी हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने विद्युत वितरण कंपनी के डीई को तत्काल समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए और नागरिकों को जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई में क्षेत्र के ग्रामीणों और नागरिकों ने पेंशन, राशन, आवास एवं संबल योजना का लाभ दिलाने, सड़क निर्माण व मरम्मत, मोरम डालने, जलभराव और कीचड़ की समस्या दूर करने, श्मशान घाट तक सड़क, टीन शेड तथा धर्मशाला निर्माण सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन दिए।
विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने सभी आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना उनका दायित्व है। शासन स्तर की मांगों को शासन तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विधायक द्वारा प्रत्येक बुधवार सुबह 11 बजे से अपने कार्यालय में नियमित जनसुनवाई की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं।